10वीं-12वीं की परीक्षा जीवन का टर्निंग प्वाइंट, लेकिन अंतिम पड़ाव नहीं: विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा
नर्मदापुरम /शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणामों के उपलक्ष्य में जिले के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री सीतासरन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे एवं श्री रुपेश राजपूत उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में हाई स्कूल परीक्षा के 31 तथा हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा के 21 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. प्रजापति ने जिले के परीक्षा परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 78.29 प्रतिशत एवं कक्षा 12वीं का परिणाम 81.65 प्रतिशत रहा।
विधायक नर्मदापुरम डॉ सीतासरन शर्मा ने अपने उद्बोधन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं निश्चित रूप से किसी भी विद्यार्थी के जीवन का महत्वपूर्ण टर्निंग प्वाइंट होती हैं, लेकिन यह अंतिम पड़ाव नहीं है। इसके आगे भी जीवन में कई चुनौतियां और अवसर आते हैं, जिनका सामना आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। विधायक डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि वे सभी भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी परिकल्पना “विकसित भारत @2047” के वास्तविक साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के सशक्त नागरिक हैं, जो देश को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों के शिक्षकों, माता-पिता और परिवारजनों ने उनके भविष्य की मजबूत नींव रखी है। इसी का परिणाम है कि विद्यार्थियों के चेहरों पर आत्मविश्वास, खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। विधायक डॉ शर्मा ने विद्यार्थियों को आगे भी निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन की हर परीक्षा का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त अस्त्र है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बना सकते हैं और किसी भी चुनौती पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि हाई स्कूल एवं हायर सेकेंड्री परीक्षाएं विद्यार्थियों के जीवन में आगे बढ़ने और सही दिशा निर्धारित करने का प्रथम सोपान होती हैं। यह उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी छात्र-छात्राएं अपने जीवन में कुछ बड़ा अवश्य हासिल करेंगे और अपने परिवार, जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थी समाज के हर वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पित रहने की सलाह देते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा की लगन और ज्योति को कभी बुझने न दें। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी खूब मेहनत करें, अपने सपनों को साकार करें और परीक्षाओं से बिना घबराए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा के परिणामों को अपने ऊपर हावी न होने दें, बल्कि उन्हें सीखने और आगे बढ़ने का माध्यम बनाएं। शिक्षा को उन्होंने उस “पंख” की संज्ञा दी, जो विद्यार्थियों को सफलता के उच्च शिखर तक पहुंचाने में सहायक होती है।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना समन्वयक श्री राजेश जायसवाल द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री दुर्गेश नंदन व्यास द्वारा किया गया
#narmadapuram Dr Mohan Yadav CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh

