शिक्षक कल्याण संगठन ने इटारसी स्टेट बैंक प्रबंधन का जताया आभार; समस्याओं के निराकरण पर सौंपा धन्यवाद पत्र I
इटारसी/नर्मदापुरम। शिक्षक कल्याण संगठन जिला नर्मदापुरम द्वारा इटारसी स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। संगठन की मांगों पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए प्रतिनिधि मंडल ने बैंक प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
प्रमुख मांगों का हुआ समाधान
शिक्षक कल्याण संगठन के संयोजक राजकुमार दुबे ने बताया कि संगठन ने पूर्व में इटारसी शाखा के मुख्य गेट और एटीएम केंद्र पर रेलिंग लगवाने, नई पासबुक प्रविष्टि मशीनें स्थापित करने, अलग काउंटर खोलने और तत्काल नई पासबुक उपलब्ध कराने जैसी मांगें रखी थीं। इन समस्याओं के समाधान होने पर संगठन ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
शाखा प्रबंधक की अनुपस्थिति में लेखापाल को सौंपा पत्र
मुख्य शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार के अवकाश पर होने के कारण संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने लेखापाल विभा गौर से भेंट की। इस दौरान उन्होंने बैंक प्रबंधन को धन्यवाद पत्र सौंपा और आभार व्यक्त किया कि इटारसी के बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए रेलिंग लग जाने से अब उन्हें बैंक आने-जाने में सुगमता होगी।
नई मांग: भुगतान के लिए खोलें दो काउंटर
आभार व्यक्त करने के साथ ही संगठन ने एक नई मांग भी बैंक प्रबंधन के समक्ष रखी है। प्रतिनिधि मंडल ने आग्रह किया है कि हर माह की 1 से 10 तारीख के मध्य, जब पेंशन और वेतन का अधिक दबाव रहता है, उस दौरान राशि भुगतान के लिए इटारसी शाखा में कम से कम दो काउंटर संचालित किए जाएं।
प्रतिनिधि मंडल में ये रहे शामिल
इस अवसर पर राजकुमार दुबे, अखिलेश दुबे, अशोक मालवी, ओमप्रकाश पटेल, शकुंतला आचार्य, एसआर पटेल, ओपी तिवारी, घनश्याम शर्मा, भगवती प्रसाद चौरे, आनंद दीवान, चन्द्रकांत शर्मा, सदन मालवीय, राजेंद्र चौरे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

– पत्रकार कुणाल पासवान
॥ आज का
विचार ॥
“सजग नागरिक और सक्रिय संगठन ही समाज की व्यवस्थाओं में सुधार का मार्ग प्रशस्त करते हैं।”

