15 दिनों से अंधेरे में डूबे बाबई सिवनी मालवा के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरकर किया चक्काजाम I
सिवनी मालवा। बिजली कटौती और प्रशासनिक लापरवाही से तंग आ चुके ग्राम बाबई सिवनी मालवा के ग्रामीणों ने आज सुबह सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। पिछले 15 दिनों से गांव अंधेरे में डूबा हुआ था, जिससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
दबंगई और रिश्वतखोरी का आरोप ग्रामीणों के अनुसार, गांव की मुख्य ट्रांसफॉर्मर (डीपी) से क्षेत्र के एक बड़े किसान ने नियम विरुद्ध अपने खेत के लिए कनेक्शन जोड़ लिया, जिससे लोड बढ़ने के कारण मुख्य डीपी उड़ गई। जब इस बात की शिकायत क्षेत्र के बिजली लाइनमैन से की गई, तो उसने समस्या हल करने के बजाय नई डीपी लगाने के नाम पर पैसों की अनुचित मांग शुरू कर दी। लाइनमैन के इस अड़ियल और भ्रष्ट रवैये से तंग आकर ग्रामीणों को उग्र प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रशासन की मौजूदगी में सुलझा मामला चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोपहर 1 बजे तक प्रशासन की पहल पर ट्रांसफॉर्मर को बदलने और विद्युत व्यवस्था बहाल करने का काम शुरू किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

