संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती पर कलश वंदन एवं समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ I
नर्मदापुरम/इटारसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती वर्ष के पावन अवसर पर गुरुवार को नर्मदापुरम के चक्कर रोड चौराहा स्थित संत श्री रविदास महाराज मंदिर परिसर में जिला स्तरीय ‘कलश वंदन एवं समरसता संकल्प अभियान’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया। इस दौरान संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी से आए पावन कलश का विधिवत पूजन-अर्चन कर कलश रथ को रवाना किया गया। यह कलश रथ 20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करेगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में समरसता की भावना को सुदृढ़ करना है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल के रविंद्र भवन से इस राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ कर संभागीय प्रतिनिधियों को पावन कलश सौंपे गए थे, जिसके तहत जिला मुख्यालय पर यह आयोजन संपन्न हुआ।
आयोजन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नर्मदापुरम-नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अखिलेश खंडेलवाल, प्रीति शुक्ला एवं आचार्य पंडित अविनाश मिश्रा सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

आज का विचार
“जात-पात के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, करुणा और ,
समानता से जिया गया जीवन ही संत रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

