टीकमगढ़। पुलिस विभाग केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के सुख-दुःख में सहभागी बनने वाली संवेदनशील संस्था के रूप में भी कार्य कर रहा है। इसी मानवीय सोच और पारिवारिक भावना का परिचय देते हुए टीकमगढ़ पुलिस ने एक बार फिर शोक संतप्त पुलिस परिवार के साथ खड़े होकर सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर एवं पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में पुलिस परिवारों के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए निरंतर संवेदनशील पहलें संचालित की जा रही हैं।
जिला पुलिस टीकमगढ़ में पदस्थ रहे स्वर्गीय प्रधान आरक्षक मोहन चढ़ार के असामयिक निधन से संपूर्ण पुलिस परिवार शोकाकुल है। इस कठिन समय में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के सतत प्रयासों एवं संवेदनशील पहल के परिणामस्वरूप एसबीआई बैंक के माध्यम से स्वर्गीय प्रधान आरक्षक के परिजनों को 10 लाख रुपए की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई।
गरिमामय कार्यक्रम में सौंपा सहायता राशि का चेक
दिनांक 26 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने स्वर्गीय प्रधान आरक्षक के परिजनों को सम्मानपूर्वक सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
भारतीय स्टेट बैंक टीकमगढ़ द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज से जुड़े प्रकरणों में शीघ्रता से बीमा सहायता राशि उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।
अब तक 6 पुलिस परिवारों को मिली सहायता
कार्यक्रम में एसबीआई मुख्य शाखा टीकमगढ़ के शाखा प्रबंधक धीरेंद्र चौरसिया, मुख्य लिपिक रामाधार त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक महेश साहू सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के प्रयासों से विगत वर्ष से अब तक पुलिस सैलरी पैकेज एवं परोपकार निधि के अंतर्गत 6 पुलिस परिवारों को 1 करोड़ 60 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। यह पहल विभाग की मानवीय संवेदनशीलता एवं पारिवारिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
10 अनुकंपा नियुक्तियां देकर दिया सहारा
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा विगत वर्ष से अब तक 10 अनुकंपा नियुक्तियां भी प्रदान की गई हैं, जिससे पुलिस परिवारों को कठिन समय में संवेदनशील सहारा मिल सका है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस परिवार का प्रत्येक सदस्य विभाग के लिए महत्वपूर्ण है और हर परिस्थिति में उसके परिवार के साथ खड़ा रहना विभाग की नैतिक जिम्मेदारी है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

