प्रदीप गुप्ता/नर्मदापुरम/ पेसा एक्ट अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए नर्मदापुरम जिले में 23 नवंबर से 03 दिसंबर 2022 तक जनजातीय बाहुल्य विकासखंड केसला की समस्त 52 पंचायतों के 122 गांव में पेसा एक्ट विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को केसला ब्लाक के 12 ग्रामों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पंचायत सीईओ एस एस रावत एवं जन अभियान परिषद के मास्टर ट्रेनर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तथा अन्य अधिकारियों द्वारा जनजातीय समुदाय को पेसा एक्ट के नियम के तहत ग्राम सभा के गठन की प्रक्रिया एवं जल, जंगल एवं जमीन पर मिले अधिकारों के बारे में सरल रूप में जानकारी दी गई। सीईओ जनपद ने जानकारी देते हुए बताया कि आज केसला ब्लाक के ग्राम बारधारैयत, कोटमीरैयत, कोटमीमाल, कासदारैयत, कासदाखुर्द, बघदारैयत, कोहरा, चिचवानी, बोखेड़ा, लालपानी, घोघरारैयत एवं झुनकर में पेसा एक्ट के संबंध में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया था।

