टीकमगढ़। भारी बारिश के बाद वार्डों में जलभराव और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकलीं वार्ड नंबर 6 की पार्षद रजनी पूनम जायसवाल को ताल दरवाजा क्षेत्र में बेहद गंभीर लापरवाही का सामना करना पड़ा। ताल दरवाजा निवासी डॉ अशोक पस्तोर ने पार्षद को शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर में आ रहे नल के पानी में पक्षियों के पंख निकल रहे हैं। डॉ पस्तोर ने बताया कि यह समस्या पहली बार नहीं है करीब 15 दिन पहले भी नल के पानी में इसी तरह पंख आए थे। शिकायत को गंभीर मानते हुए पार्षद रजनी पूनम जायसवाल तत्काल हनुमान चालीसा मंदिर के पास स्थित पानी की टंकी का निरीक्षण करने पहुंचीं।—टंकी पर मिला लापरवाही का अंबार—निरीक्षण के दौरान टंकी की हालत बेहद जर्जर मिली। मौके पर मौजूद कर्मचारी ने बताया कि टंकी पर जाने वाली सीढ़ियां पिछले 2 साल से अधिक समय से टूटी हुई हैं और कई सालों से टंकी की सफाई तक नहीं हुई है। टंकी के ऊपरी ढक्कन पर पक्षियों से बचाव के लिए जाल भी नहीं लगा है।
बताया जा रहा है कि इसी टंकी से पुरानी टेरी और ताल दरवाजा क्षेत्र में पीने के पानी की सप्लाई होती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि खुले ढक्कन के कारण पक्षियों के अवशेष टंकी में गिर रहे हैं और वही दूषित पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।— जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे —-पार्षद पार्षद रजनी पूनम जायसवाल ने कहा यदि इस तरह दूषित पानी घरों में सप्लाई हो रहा है तो यह बेहद चिंताजनक है। हम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते। दूषित पानी के कारण घरों में टाइफाइड पीलिया और किडनी के मरीज दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी और प्रभारी अध्यक्ष से मांग की है कि इस टंकी की तत्काल सफाई कराई जाए टूटे ढक्कन और जाली को दुरुस्त किया जाए और शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

