कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर शातिर चोर गिरफ्तार, ₹1,50,000 की शत-प्रतिशत रिकवरी I
इटारसी/नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) जितेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
यह था पूरा मामला
दिनांक 15 जुलाई 2026 को कालिका नगर निवासी फरियादी महेन्द्र कहार (पिता पुरालाल कहार, उम्र 30 वर्ष) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान के मेन गेट का कुंदा तोड़कर अंदर रखे 1,50,000 रुपये नकद पार कर दिए हैं। फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 658/26, धारा 331(3), 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
संदेही से पूछताछ में खुला राज, अलमारी से मिले पैसे
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही सदानंद कहार (पिता महेश कहार, उम्र 37 वर्ष, निवासी- अमृत अस्पताल के बगल में, कमिश्नर कॉलोनी, स्थाई पता- शैलजा कॉलोनी, नवीन जेल के पास) को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके किराये के मकान में रखी लोहे की अलमारी से चोरी किए गए पूरे 1,50,000 रुपये (मसरुका) बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उपनिरीक्षक विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, संदीप शर्मा, आरक्षक पंकेश बघेला, अविनाशी हारोड़े, हरीश डिगरसे, राजकुमार कीर, रोहित चौकीकर, रामकुमार वर्मा एवं दीपेश सोलंकी की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।
आज का विचार: “सत्य और न्याय की राह में तत्परता ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ढाल है।”
– (पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी)

