RPF इटारसी की बड़ी कामयाबी: कर्नाटक के हुबली से अपहृत नाबालिग बालिका को ट्रेन से सकुशल छुड़ाया, अपहरणकर्ता गिरफ्तार I
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत आरपीएफ इटारसी पोस्ट ने तत्परता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (RPF) जबलपुर श्री राजीव कुमार यादव के कुशल मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC) भोपाल डॉ. अभिषेक के सतत पर्यवेक्षण एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) भोपाल श्री एम. के. मुखर्जी के निर्देशन में आरपीएफ टीम ने कर्नाटक के हुबली से अपहृत एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही बालिका का अपहरण कर ले जा रहे 22 वर्षीय आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
हुबली पुलिस ने फोन पर दी थी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जुलाई 2026 को पुलिस थाना कस्बापेट (हुबली-धारवाड़, कर्नाटक) के पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा आरपीएफ निरीक्षक इटारसी मनीष पाण्डेय को फोन पर एक महत्वपूर्ण सूचना दी गई थी। बताया गया था कि हुबली पुलिस थाने में धारा 137(2) BNS के तहत अपहरण का मामला दर्ज है, जिसमें एक युवक एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ट्रेन नंबर 15017 (काशी एक्सप्रेस) से लेकर भाग रहा है। हुबली पुलिस ने दोनों के हुलिए और तस्वीरें व्हाट्सएप के माध्यम से इटारसी आरपीएफ के साथ साझा की थीं।
प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर घेराबंदी कर दबोचा
सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक मनीष पाण्डेय के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, प्रधान आरक्षक मोहम्मद राशिद, आरक्षक गोविंदराम, आरक्षक निर्मल पटेल और महिला आरक्षक नीतू यादव शामिल थे।
रात लगभग 21:10 बजे जैसे ही काशी एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 04 पर आकर रुकी, आरपीएफ टीम ने ट्रेन में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। गहनता से जांच करने पर ट्रेन के आगे वाले जनरल कोच में संदिग्ध युवक और बालिका मिल गए, जिनका मिलान भेजी गई तस्वीरों से हुबहू हो गया। आरपीएफ टीम दोनों को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट लेकर आई और हुबली पुलिस को इसकी सूचना दी।
CWC के माध्यम से ‘मुस्कान संस्था’ भेजी गई थी बालिका
बालिका की सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उसे महिला आरक्षक नीतू यादव की देखरेख में रखा गया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से बालिका को सुरक्षित रूप से इटारसी की ‘मुस्कान संस्था’ की अभिरक्षा में भेज दिया गया था।
हुबली पुलिस के सुपुर्द किए गए आरोपी और बालिका
दिनांक 17 जुलाई 2026 को थाना कस्बापेट (हुबली) से उपनिरीक्षक एम. आर. मलिगावाड, महिला हेड कांस्टेबल कमला नाशी एवं अन्य पुलिस स्टाफ इटारसी पहुँचे। नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद मुस्कान संस्था से बालिका को प्राप्त किया गया। इसके बाद बरामद बालिका और पकड़े गए आरोपी युवक को हुबली पुलिस के सुपुर्द किया गया, जिन्हें लेकर पुलिस टीम कर्नाटक के लिए रवाना हो गई।
आरपीएफ इटारसी की इस सजगता, त्वरित सूझबूझ और व्यावसायिक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए हुबली पुलिस ने रेल सुरक्षा बल का सहृदय आभार व्यक्त किया है। यह कार्रवाई आरपीएफ के ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ की सफलता का एक और उत्कृष्ट उदाहरण है।
आज का विचार
“सजगता और कर्तव्यनिष्ठा ही समाज में सुरक्षा का असली आधार बनती हैं। जब कानून के हाथ मुस्तैद होते हैं, तो हर ‘नन्हा फरिश्ता’ सुरक्षित रहता है।”
– पत्रकार कुणाल पासवान (इटारसी)

