टीकमगढ़। जिले में पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा थाना अजाक का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण एवं पुलिस कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना भवन, अभिलेख कक्ष, मालखाना, हवालात, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उनके रखरखाव एवं संचालन की स्थिति का मूल्यांकन किया।
अपराधों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा
निरीक्षण उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में थाना के गंभीर एवं महत्वपूर्ण प्रकरणों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर देते हुए विवेचनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।
साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण, सीसीटीएनएस पोर्टल पर अभिलेखों के अद्यतन संधारण तथा विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं की प्रगति की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
जनसुविधाओं एवं नागरिक संतुष्टि पर विशेष फोकस
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में आने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छ वातावरण, पेयजल व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा तथा शिकायतकर्ताओं एवं फरियादियों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बेहतर पुलिसिंग के लिए दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान चिन्हित बिंदुओं पर थाना स्टाफ को आवश्यक सुधारात्मक एवं समयबद्ध दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक थाना आमजन के लिए भरोसे और न्याय का केंद्र होना चाहिए। पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता रहनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे जनसुनवाई को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें, जिससे पुलिस के प्रति नागरिकों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

