निवाड़ी/ओरछा। ओरछा स्थित ऐतिहासिक कल्याण राय मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर भाजपा नेता विकास यादव ने निवाड़ी कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर का सीमांकन कर तत्काल अतिक्रमण हटाने तथा इसे श्री रामराजा लोक परियोजना में शामिल कर जीर्णोद्धार कराने की मांग की गई है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में विकास यादव ने बताया कि ओरछा नगर में सन् 1738 में कल्याण राय मंदिर का निर्माण कराया गया था, जहां भगवान राधा-कृष्ण की मूर्तियां स्थापित थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर परिसर पर अवैध कब्जा कर उसे निजी उपयोग में लाया जा रहा है, जिससे इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान प्रभावित हो रही है।
यादव ने बताया कि यह मंदिर आयुक्त पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, मध्य प्रदेश, भोपाल के अभिलेखों में दर्ज है। इसके बावजूद मंदिर की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा विकसित किए जा रहे श्री रामराजा लोक में इस मंदिर को शामिल कर उसका संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जाना चाहिए। साथ ही मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण की भव्य प्रतिमाओं की पुनः प्राण-प्रतिष्ठा कराए जाने की मांग भी स्थानीय नागरिकों और धर्मप्रेमियों द्वारा की जा रही है।
पुरातत्व और पर्यटन विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
विकास यादव ने पुरातत्व एवं पर्यटन विभाग के कुछ अधिकारियों पर स्थानीय अतिक्रमणकारियों से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर इस ऐतिहासिक मंदिर को रामराजा लोक परियोजना में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की जाएगी।
धार्मिक भावनाओं के सम्मान में शीघ्र कार्रवाई की मांग
ज्ञापन के माध्यम से विकास यादव ने कलेक्टर से आग्रह किया कि क्षेत्रवासियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कल्याण राय मंदिर का सीमांकन कराया जाए तथा तत्काल अतिक्रमण हटाकर इसे मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर को रामराजा लोक परियोजना में शामिल कर उसका संरक्षण और विकास कराया जाना ओरछा की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण कदम होगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

