टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के सक्षम, दूरदर्शी एवं कुशल नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। प्रदेश स्तर पर जारी सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) रैंकिंग में टीकमगढ़ पुलिस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
यह उपलब्धि जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी संचालन, डेटा की समयबद्ध प्रविष्टि, रिकॉर्ड के बेहतर संधारण तथा तकनीकी कार्यों के कुशल निष्पादन के आधार पर टीकमगढ़ पुलिस को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने जिले के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, अनुशासन और तकनीक आधारित पुलिसिंग के प्रति सभी की प्रतिबद्धता का परिणाम है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्कृष्टता और गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए सभी को प्रेरित किया।
टीकमगढ़ पुलिस की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि प्रदेश में आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम पुलिसिंग के क्षेत्र में एक मिसाल भी है।

