मोहनगढ़। जतारा जनपद की ग्राम पंचायत मोहनगढ़ में रविवार, 14 जून को खंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन पंचायत भवन में किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य अंजना मनोज जैन एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पुष्पेंद्र जैन (सरपंच प्रतिनिधि, केशवगढ़) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। शिविर में तहसीलदार मोहनगढ़ सावंत सिंह, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत जतारा के सीईओ, थाना प्रभारी अंकित दुबे, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अंकित साहू, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर रिंकी तिवारी सहित मोहनगढ़ सर्कल के सचिव, पीसीओ, उपयंत्री एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
शिविर में क्षेत्र से आए ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों द्वारा कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि जटिल एवं गंभीर मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को दो से तीन दिन का समय दिया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
तहसीलदार सावंत सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अंकित साहू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं जनपद पंचायत सीईओ ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा।
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत मोहनगढ़ द्वारा नागरिकों के बैठने, पेयजल एवं नाश्ते की समुचित व्यवस्था की गई थी। भीषण गर्मी के बावजूद उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस संबंध में जानकारी सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने दी।

