टीकमगढ़। जिले में न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी, समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से दिनांक 14 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के समस्त थाना कोर्ट मुंशियों एवं न्यायालय कोर्ट मोहर्रिरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना-वार लंबित समंस, वारंट, स्थायी वारंटों की तामीली तथा अपराध चालानों की न्यायालय में प्रस्तुति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उन्होंने प्रत्येक थाना क्षेत्र की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं न्यायिक कार्यवाही में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि न्यायालय से प्राप्त समंस, जमानती एवं गिरफ्तारी वारंट तथा स्थायी वारंटों की तामीली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा अपराध चालानों को समय-सीमा के भीतर न्यायालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावी न्याय व्यवस्था के लिए पुलिस एवं न्यायालय के मध्य समन्वय और जवाबदेही अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में न्यायालयीन कार्यों के निष्पादन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए। साथ ही न्यायिक प्रकरणों के समयबद्ध निष्पादन के लिए रिकॉर्ड संधारण एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि न्यायिक प्रक्रियाओं में गति लाना, लंबित प्रकरणों का निराकरण करना तथा न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस दिशा में गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा , प्रधान आरक्षक राजेश्वर त्रिपाठी सहित जिले के समस्त थाना कोर्ट मुंशी एवं न्यायालय कोर्ट मोहर्रिर उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

