टीकमगढ़। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस ने 13 एवं 14 जून 2026 को विशेष कॉम्बिंग गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में संचालित इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीओपी, थाना प्रभारियों सहित कुल 451 अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान पुलिस ने रात्रिकालीन गश्त, संदिग्ध स्थानों की जांच, ग्राम क्षेत्रों में दबिश और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखकर अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की। न्यायालयीन प्रक्रियाओं को गति देते हुए 233 समंस, 34 गिरफ्तारी वारंट, 8 स्थायी वारंट तथा 174 जमानती वारंट तामील किए गए।
पुलिस ने जिलेभर में 65 हिस्ट्रीशीटरों, 92 निगरानीशुदा एवं शरारती तत्वों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए 12 अपराधियों का सत्यापन भी किया। वहीं अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए अभियान में आबकारी अधिनियम के तहत 40 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 239 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 68,750 रुपये बताई गई है।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 543 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 242 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 70,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

