टीकमगढ़, 16 जून। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशन में श्रेया मानव कल्याण एवं ग्रामीण विकास समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम कुंडेश्वर में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग सौरभ तिवारी ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को संबोधित किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार एवं उपेक्षा पर चर्चा करते हुए वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित नियमों, अधिकारों तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
संस्था संचालक अजय जैन ने कहा कि समाज के सभी लोगों का दायित्व है कि बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को रोकें और उनकी अपने माता-पिता की भांति सेवा व सहायता करें।
इस अवसर पर उपसंचालक सौरभ तिवारी ने सभी वृद्धजनों को साल, श्रीफल एवं फूलमालाओं से सम्मानित किया। साथ ही बुजुर्गों को चादरों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में समग्र अधिकारी मनीष सेन का विशेष योगदान रहा।
इस दौरान वृद्धाश्रम के कर्मचारी तेज सिंह, रवि राय, अजय बाल्मीक, शेलेन्द्र सेन, रामा केवट सहित अन्य स्टाफ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

