टीकमगढ़। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवेदनशीलता एवं पारदर्शी संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और निष्पक्षता के साथ सुना जा रहा है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें, सुझाव एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने सभी आवेदकों की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में त्वरित एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता देते हुए मानवीय दृष्टिकोण से कार्यवाही की गई। पुलिस विभाग द्वारा जनसुनवाई व्यवस्था को थाना एवं चौकी स्तर तक प्रभावी रूप से विस्तारित किया गया है, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सहायता और समाधान उपलब्ध हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि प्रत्येक आवेदन केवल एक शिकायत नहीं, बल्कि किसी नागरिक की अपेक्षा और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं को समझकर समय पर सहायता उपलब्ध कराना भी है।
संवाद आधारित इस पहल से नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता भी मजबूत हो रही है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

