टीकमगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधनों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा पुलिसिंग को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में टीकमगढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के प्रयासों से पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले को एक नवीन टाटा ट्रक एवं दो नई महिंद्रा बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
नवीन ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 19.99 लाख रुपये है, जबकि महिंद्रा कंपनी की दो बोलेरो वाहनों की कीमत लगभग 8.68 लाख रुपये प्रति वाहन बताई गई है। इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस बल की त्वरित तैनाती, संसाधनों के सुरक्षित परिवहन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने किया पूजन और निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने 16 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में नवीन वाहनों का विधिवत पूजन किया। इसके बाद उन्होंने वाहनों का विस्तृत निरीक्षण करते हुए उनमें उपलब्ध सुरक्षा एवं आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
नवीन ट्रक की प्रमुख विशेषताएं
नवीन ट्रक को पुलिस सामग्री एवं आवश्यक उपकरणों के सुरक्षित परिवहन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें विशाल लोडिंग क्षमता, मजबूत एवं टिकाऊ बॉडी संरचना, लंबी दूरी के संचालन के लिए उपयुक्त डिजाइन तथा आधुनिक ब्रेकिंग और सुरक्षा प्रणाली उपलब्ध है। इसके अलावा यह वाहन कानून-व्यवस्था ड्यूटी, विशेष अभियानों एवं राहत कार्यों में भी उपयोगी साबित होगा।
बोलेरो वाहन बढ़ाएंगे पुलिस की गतिशीलता
पुलिस बेड़े में शामिल की गई नई बोलेरो वाहन पुलिस बल की त्वरित आवाजाही के लिए विशेष रूप से उपयोगी होंगी। इनमें आरामदायक बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षात्मक जाली, वातानुकूलित (एसी) सुविधा, आवश्यक उपकरण रखने के लिए पर्याप्त स्थान तथा दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रभावी संचालन की क्षमता मौजूद है।
शहर भ्रमण कर परखी वाहनों की कार्यक्षमता
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीन वाहनों में सवार कर शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वाहनों की कार्यक्षमता, सुरक्षा एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
आधुनिक संसाधनों से बढ़ेगी पुलिस की कार्यकुशलता
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित ये वाहन पुलिस बल की कार्यकुशलता को नई गति प्रदान करेंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपदा प्रबंधन तथा विशेष पुलिस अभियानों में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। साथ ही पुलिस बल का आवागमन अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक हो सकेगा।
पुलिस मुख्यालय के प्रति जताया आभार
टीकमगढ़ पुलिस बल ने नवीन वाहनों की उपलब्धता के लिए पुलिस मुख्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक संसाधनों की यह उपलब्धता जिले में शांति, सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग के उद्देश्य को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

