जानकारी के अनुसार, चित्रांश नगर कॉलोनी के निवासियों ने रेलवे पुल के नीचे सड़क निर्माण कराने की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) झांसी के नाम भाजपा नेता एवं मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के पूर्व सदस्य विकास यादव को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद श्री यादव ने झांसी पहुंचकर मंडल रेल प्रबंधक से मुलाकात की और अधूरी पड़ी सड़क के निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर रेलवे विभाग ने सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया।
रेलवे की आपत्ति के कारण रुका हुआ था कार्य
गौरतलब है कि झांसी रोड कलेक्ट्रेट के सामने से चित्रांश नगर होते हुए कृषि उपज मंडी तक सीसी रोड निर्माण कार्य शासन द्वारा स्वीकृत किया गया था। इस सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया जा रहा था। लेकिन रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर, खजुराहो द्वारा 25 मार्च 2026 को जारी पत्र के माध्यम से रेलवे पुल की सीमा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते रेलवे पुल के नीचे एवं आसपास का हिस्सा अधूरा रह गया था।
जलभराव और कीचड़ से लोगों को हो रही थी परेशानी
रेलवे पुल के नीचे सड़क नहीं होने के कारण क्षेत्र में नालियों का पानी भरने से जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। इससे आम नागरिकों, कृषि उपज मंडी जाने वाले किसानों, मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यह मार्ग क्षेत्रवासियों के दैनिक आवागमन का प्रमुख रास्ता होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। साथ ही एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
स्थानीय लोगों ने उठाई थी मांग
समस्या के समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ अंकित खरे, पंचायत सचिव लक्ष्मण सिंह परिहार सहित दर्जनों स्थानीय नागरिकों ने भाजपा नेता विकास यादव को मौके पर बुलाकर मार्ग का निरीक्षण कराया था। इसके बाद सभी ने मंडल रेल प्रबंधक झांसी के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की थी।
निर्माण कार्य शुरू होने पर जताया आभार
रेलवे प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने पर क्षेत्र के निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास यादव तथा रेलवे प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सड़क बनने से वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और आवागमन सुगम हो सकेगा।

