टीकमगढ़। जिला महिला कांग्रेस, टीकमगढ़ द्वारा गुरुवार को राज्यसभा उपचुनाव 2026 में कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व तथा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीता बोरासी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध बताई कार्रवाई
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी पूनम जायसवाल ने कहा कि 17 जून को हुई नामांकन जांच के दौरान सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज किया जाना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्याशी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया, जिससे उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन हुआ है।
ज्ञापन में रखीं तीन प्रमुख मांगें
महिला कांग्रेस द्वारा राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें की गईं—
1. नामांकन निरस्त करने के आदेश पर तत्काल रोक लगाई जाए।
2. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश से पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।
3. प्रत्याशी को सुनवाई का अवसर प्रदान कर विधि सम्मत पुनर्विचार किया जाए।
48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा गांधीवादी आंदोलन
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन साहू ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में पूर्ण आस्था रखती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई प्रारंभ नहीं हुई, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार, संगठन मंत्री संजय नायक, सूर्य प्रकाश मिश्रा, नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा, एडवोकेट प्रत्यूष पाठक, लक्ष्मण रैकवार, विभोर पांडे, महिला ब्लॉक अध्यक्ष नीरज द्विवेदी, रचना यादव, मनीषा जैन, इसरार मोहम्मद, दुष्यंत लोधी सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

