टीकमगढ़। अपराध विवेचना को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में टीकमगढ़ पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदत्त 78 अत्याधुनिक टेबलेट शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विवेचना अधिकारियों को वितरित किए गए।
टेबलेट वितरण से पूर्व जिले के सभी 78 विवेचकों को सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) तथा टेबलेट संचालन संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीएनएस टीम ने ई-साक्ष्य संकलन, अपराध विवेचना के विभिन्न चरणों में की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई तथा सीसीटीएनएस एवं टेबलेट के माध्यम से डेटा एंट्री और ऑनलाइन प्रक्रियाओं का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया।
तकनीक के उपयोग से बढ़ेगी विवेचना की गुणवत्ता
प्रशिक्षण सत्र में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने स्वयं उपस्थित होकर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, डेटा सुरक्षा तथा कार्यकुशलता बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया।
श्री मंडलोई ने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा। साथ ही विवेचना प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आएगी, जिससे आमजन को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, सीसीटीएनएस प्रभारी सुनील प्रजापति सहित जिले के विवेचक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

