टीकमगढ़। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और यात्रियों की प्यास बुझाने में जुटी मानवीय संवेदना समिति की सेवा भावना की कांग्रेस के टीकमगढ़ विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुनील जैन ने सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति के सचिव मनीराम कठेल और उनकी टीम जिस समर्पण भाव से अपना अमूल्य समय एवं श्रमदान कर लोगों की सेवा कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय है।
स्थानीय बस स्टैंड पर मानवीय संवेदना समिति द्वारा गर्मी के मौसम में निःशुल्क प्याऊ का संचालन किया जा रहा है। बिना किसी शासकीय सहयोग या अनुदान के संचालित इस प्याऊ पर प्रतिदिन हजारों यात्री एवं स्थानीय नागरिक अपनी प्यास बुझा रहे हैं। समिति द्वारा लोगों को स्वच्छ, शीतल एवं मटकों में रखा हुआ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
समिति के कार्यों की दी जानकारी
समिति के सचिव मनीराम कठेल ने पूर्व विधायक सुनील जैन एवं उनके साथ आए सहयोगियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों की जानकारी भी अतिथियों को दी।
एक घंटे तक रहे मौजूद, राहगीरों को पिलाया पानी
पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि यह प्याऊ अपने आप में एक अनूठी पहल है, जहां लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों को इस जनहितकारी कार्य के लिए धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दीं।
सुनील जैन लगभग एक घंटे तक प्याऊ स्थल पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने स्वयं सैकड़ों राहगीरों और यात्रियों को पानी पिलाकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जितेंद्र जैन ‘क्रांतिकारी’, स्वतंत्र जैन, शाहिद खान, इरफान अहमद, रमेश खरे, कल्लू विश्वकर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

