टीकमगढ़। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक एवं सतर्क बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित प्रदेश स्तरीय सेफ क्लिक अभियान 2 दशमलव 0 का शुभारंभ आज दिनांक 24 जून 2026 को पुलिस लाइन टीकमगढ़ परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों युवाओं एवं बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहने का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत जिलेभर में साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों के व्यापक प्रसार हेतु साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को ऑनलाइन ठगी फर्जी लिंक साइबर फ्रॉड डिजिटल भुगतान सुरक्षा एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करेगा।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में पुलिस अधिकारी कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में युवा एवं बच्चे शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों एवं मुख्य चौराहों से होकर निकली इस रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों की तख्तियां लेकर नागरिकों को जागरूक करने का प्रयास किया। रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने बताया कि प्रदेश स्तरीय यह 15 दिवसीय सेफ क्लिक अभियान 2 दशमलव 0 दिनांक 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम संवाद कार्यशालाएं एवं प्रचार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी । उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनसुरक्षा एवं साइबर जागरूकता का संदेश जारी किया गया है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

