टीकमगढ़। डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक और सतर्क बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में मंगलवार को टीकमगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता रैलियां निकालकर तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नागरिकों को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों से संवाद कर साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बताया गया कि ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग व व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने लोगों को यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी सूचना दे। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को रोकने अथवा वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन पर जल्दबाजी में भरोसा न करने, अपनी बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना विलंब 1930 पर सूचना देकर कानूनी सहायता लेने की अपील की।
टीकमगढ़ पुलिस ने कहा कि ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि डिजिटल सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का प्रयास है। पुलिस लगातार समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और निर्भय होकर उपयोग कर सके।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

