टीकमगढ़। जिला पुलिस टीकमगढ़ द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास व संवाद का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए।
एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत के पीछे एक परिवार की उम्मीद होती है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का मानवीय दृष्टिकोण से निराकरण किया जाना चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता दी गई। कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रकरणों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी मंडलोई के निर्देशन में जनसुनवाई व्यवस्था को थाना एवं चौकी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान कराने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उन्हें समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सम्मानित और संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

