प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम/ विश्व दिव्यांगता दिवस 3 दिसंबर के अवसर पर जिले में दिव्यांग व्यक्तियों के सामर्थ्य प्रदर्शन के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दिव्यांगों के स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में विश्व दिव्यांगता दिवस मनाएं जाने के संबंध में बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न गतिविधियों एवं उनकी रुपरेखा के संबंध में आवश्यक समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बताया गया कि विश्व दिव्यांगता दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम एसएनजी ग्राउंड, नर्मदापुरम में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सामाजिक न्याय, खेल एवं युवा कल्याण और शिक्षा विभाग दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत एनजीओ के साथ समन्वय कर जन सहयोग से दिव्यांगता दिवस मनाया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, अपर कलेक्टर मनोज सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

