प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम / सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत सहित सभी जिला अधिकारियों को लेपल पिन लगाकर सहयोग राशि एकत्रित की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि में एकत्रित राशि शहीद सैनिकों के आश्रितों एवं दिव्यांग तथा भूतपूर्व सैनिकों के लिए चल रही कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में उपयोग होती है। उन्होंने सभी से झण्डा दिवस के उपलक्ष्य में सहयोग राशि एकत्रित करने की अपील की। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी नवीन कुमार झा, सेवानिवृत्त, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी नर्मदापुरम ने झण्डा दिवस के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह दिवस शहीद सैनिकों के सम्मान में उनके परिवार जनों को आर्थिक सहायता पंहुचाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। प्रतीक चिह्नों के प्रतिफलस्वरुप प्राप्त दान राशि शहीद सैनिकों की विधवाओं के इलाज एवं उनके बच्चों की शिक्षा, विवाह आदि के लिए आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की जाती है। विगत वर्ष 2021-22 में जिले द्वारा लक्ष्य से अधिक राशि संग्रहित करने पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी नर्मदापुरम द्वारा समस्त अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह सहित अनेक जिला अधिकारी एवं कैप्टन बलराम राणा , हवलदार ओमप्रकाश अहिरवार, हवलदार सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव , हवलदार ओम प्रकाश शर्मा , नायक सुंदरलाल चमकेल सहित अनेक सैनिक उपस्थित थे।

