प्रदीप गुप्ता / नर्मदापुरम / राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों में नर्मदापुरम नगरपालिका पूरे प्रदेश में अव्वल आई हैं। नगर पालिका नर्मदापुरम ने एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले निकायों में यह स्थान हासिल किया है। नर्मदापुरम नगर पालिका के प्रशासक रहे एवं कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की सतत मॉनिटरिंग और निरीक्षण का परिणाम रहा कि नगर पालिका नर्मदापुरम द्वारा राजस्व वसूली सहित अन्य विभिन्न घटकों में बेहतर कार्य किया गया हैं। कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशन में तत्कालीन प्रभारी सीएमओ एवं तहसीलदार शैलेंद्र बड़ोनिया और नगरपालिका के अमले ने भी राजस्व वसूली के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि 19 दिसंबर को प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों के अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। शुक्रवार को नगर पालिका के अमले द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंट कर कलेक्टर श्री सिंह का सम्मान और आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष महेश वर्मा, ओपी रावत, अधीक्षक नगरपालिका प्रशांत जैन, मनोहर सराठे, हरिश गोस्वामी उपस्थित रहें।

