नर्मदापुरम में अखिल भारत हिन्दू महासभा की विशेष बैठक संपन्न, ममता बस्तरबार बनीं महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष I
नर्मदापुरम। अखिल भारत हिन्दू महासभा, मध्य प्रदेश के तत्वावधान में नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष उमेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में संगठन की एक विशेष बैठक का गरिमामय आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से संगठन विस्तार और मातृशक्ति की सामाजिक भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री अरुणा पारे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
संगठन और राष्ट्रहित के लिए आगे आएं महिलाएं: सुश्री अरुणा पारे
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री अरुणा पारे ने अखिल भारत हिन्दू महासभा की मूल विचारधारा, रीति-नीति और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। सुश्री पारे ने कहा कि महिलाओं को अपने संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना पड़ेगा, तभी वे समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी सक्रिय व महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकेंगी।
ममता बस्तरबार को सौंपी महिला मोर्चा की कमान
संगठन विस्तार की इसी कड़ी में नर्मदापुरम निवासी श्रीमती ममता बस्तरबार को अखिल भारत हिन्दू महासभा, नर्मदापुरम महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष उमेश कुमार चौधरी ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्रीमती ममता बस्तरबार को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्रीमती बस्तरबार के कुशल नेतृत्व में जिले भर में महिला मोर्चा बेहद सशक्त होगा और अधिक से अधिक संख्या में मातृशक्ति संगठन से जुड़कर समाज कल्याण के कार्यों को गति देगी।
राष्ट्रहित और समाज उत्थान का लिया संकल्प
इस विशेष बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं, संगठन के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर हिन्दू समाज के उत्थान, संगठन के व्यापक विस्तार और राष्ट्रहित के लिए पूरी निष्ठा से मिलकर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

-पत्रकार कुणाल पासवान (इटारसी)

