टीकमगढ़। जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जिले के विकास से जुड़ा 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक खटीक द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में टीकमगढ़ में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जिले में सीमेंट एवं रासायनिक खाद कारखाना खोलने, जतारा और पलेरा कॉलेज में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा जतारा पॉलिटेक्निक कॉलेज को इंजीनियरिंग कॉलेज में उन्नयन, खिरिया नाका एनपी बॉर्डर से छतरपुर तक फोरलेन सड़क, जतारा में आईटीआई कॉलेज, बंधेरा पंचायत को नगर परिषद का दर्जा, लिधौरा में कृषि उपज मंडी और खरगापुर में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग की गई है।
ज्ञापन में मातृधाम छिपरी को पर्यटन केंद्र घोषित करने के आदेश जारी करने, मोर पहाड़िया में 3 दिवसीय मोर पहाड़ी महोत्सव की स्वीकृति, लिधौरा-बम्हौरीकला के स्कूलों को सांदीपनि विद्यालय बनाने, जतारा कन्या स्कूल के भवन के लिए राशि और सतपारा बांध की नहर का कार्य पुनः शुरू कराने की मांग भी शामिल है।
विधायक खटीक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को जनहितैषी बताते हुए जल्द परीक्षण कराने और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। सीएम के आश्वासन के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों के तेज होने की उम्मीद जगी है।

