प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम/ भारत सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप जिला – नर्मदापुरम् में संचालित सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में सर्दी, खासी, बुखार के मरीजों को प्रतिदिन नियमित रूप से उपचार दिया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दहलवार ने बताया कि पूर्व में प्रदेश में कोविड-19 वायरस के संचरण को नियंत्रित करने में जिला सक्षम रहा है। प्रदेश स्तर से जारी निर्देशों के आधार पर विगत दिनो निकटवर्ती देशों में कोविड के नए प्रकरणों को वृद्धि हो रही है, जो भविष्य में आने वाली लहर का प्रयोजन बन सकती है। इसको दृष्टिगत रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई है, भारत शासन एवं प्रदेश सराकर द्वारा जारी निर्देशों के आधार पर वर्तमान में सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में पर्याप्त मात्रा में जांच और उपचार के लिए आवश्यक सामग्री व औषधि उपलब्ध है। सभी संस्था प्रभारियों को इस आशय के निर्देश जारी किये जा चुके है कि यदि संस्था के क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति किसी अन्य प्रदेश या देश से आता है तो उसकी मैदानी अमले द्वारा नियमित निगरानी कर आवश्यक जांच कराई जाए। SARI एवं ILI वाले मरीजों की विशेष रूप से जांच कराई जा रही है, वर्तमान में नर्मदापुरम जिले में कोई भी एक्टिव पॉजेटिव्ह केस नही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के आम नागरिकों से अपील की जाती है कि कृपया भीड़-भाड़ वाले इलाको में न जाए, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, मास्क का उपयोग करें, साथ ही घर के आस-पास स्वच्छता बनायें तथा नियमित रूप हाथ धोते रहें। सर्दी, खाँसी या बुखार या SARI एवं ILI वाले के मरीज आवश्यक रूप चिकित्सक को दिखायें । वर्तमान में जिले में कोविड-19 की स्थिति नियंत्रण में है।

