इटारसी में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, राठी दालमिल के पास घटी घटना I
इटारसी। शहर के राठी दालमिल के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की अकाल मृत्यु हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, साईं फॉर्च्यून सिटी के निवासी दिनेश कुमार झलकारे राठी दालमिल के समीप से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी है।

