दीवान कॉलोनी (वार्ड क्रमांक-02) में नई सड़क बनी आफत: घरों के सामने भरा पानी, नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल I
इटारसी। शहर के वार्ड क्रमांक-02 स्थित दीवान कॉलोनी क्षेत्र में नई सड़क का निर्माण रहवासियों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत का सबब बन गया है। सड़क निर्माण के बाद से ही क्षेत्र में जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केवट आटा चक्की के पास बदतर हालात
दीवान कॉलोनी (वार्ड न.-02) स्थित केवट आटा चक्की के पास स्थिति बेहद खराब है। नई सड़क बनने के बाद पानी की निकासी का सही इंतजाम न होने के कारण जगह-जगह घरों के सामने पानी जमा हो रहा है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरती गई है। केवल इतिश्री (खानापूर्ति) करते हुए काम निपटा दिया गया है और गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं रखा गया।
मिलीभगत का आरोप, उठे सवाल
सड़क निर्माण की इस लचर स्थिति को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि क्या निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यह घटिया निर्माण हुआ है? बिना सही ढाल और जल निकासी की व्यवस्था के सड़क पास कैसे कर दी गई?
जिम्मेदारों से गुहार
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका के सुपरवाइजर एवं वार्ड क्रमांक-02 के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि वे तत्काल मौके का निरीक्षण करें और इस समस्या का स्थाई समाधान निकालें। यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो क्षेत्रवासियों को बीमारियों और आवागमन की भारी समस्या से जूझना पड़ेगा।

पत्रकार कुणाल पासवान (इटारसी)

