टीकमगढ़ । भारतीय पुलिस सेवा आईपीएस के अधिकारी सुधीर अग्रवाल ने 23 जुलाई 2026 गुरुवार के दिन पुलिस अधीक्षक के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने जिले के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से संबंधित आवश्यक जानकारी ली। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान को जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने कहा कि पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करेगी। पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित एवं सम्मानित महसूस कर सके। उल्लेखनीय है कि भापुसे बैच 2016 के सुधीर अग्रवाल ने जिले का पदभार पुलिस अधीक्षक के रूप में संभाला है जहां वह श्योपुर से स्थानांतरित होकर आए हैं। वही अभी तक जिले का पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभाल रहे मनोहर सिंह मंडलोई को सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भोपाल स्थानांतरित किया गया है।

