प्रदीप गुप्ता/ नर्मदापुरम /(सीहोर) इछावर में आयोजित दिव्यांग शिविर में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं विधायक करण सिंह वर्मा ने दिव्यांगो को प्रमाण पत्र वितरित किए। शिविर में दिव्यांगों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा चिन्हांकन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विकास किया जा रहा है। अनेक अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है और इलाज के लिए सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे है। उन्होंने कहा कि इछावर में 30 बिस्तरीय सिविल अस्पताल को 50 बिस्तरीय अस्पताल के लिए 12 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि अबिदाबाद में एक करोड़ रूपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकर तैयार हो गया है और जल्द ही शुरू हो जाएगा। मुस्कुरा में एक करोड़ 85 लाख रूपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्वीकृति दी गई है। साथ ही इछावर में 300 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट भी नवीन भवन के साथ लगाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश में 10 हजार से अधिक उप स्वास्थ्य केन्द्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया गया है। जिन लोगो के आयुष्मान कार्ड नही बने है, उनसे आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड से प्रदेश सरकार द्वारा चिन्हित निजी अस्पतालों मे मुफ्त इलाज करा सकते है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के खाते में 6 हजार रूपए सम्मान निधि राशि भेज रहे है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भी प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को चार हजार रूपए की राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में हमने कोरोना पर काबू पाया और पूरे देश में ऑक्सीजन सहित कोविड से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाए की। उन्होंने कहा कि कोविड के बचाव के लिए स्वदेशी टीका बनाया और न केवल पूरे देश के नागरिकों का टीकाकरण किया बल्कि विदेशों को भी भेजा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन भी लोगो को आवास योजना का लाभ नही मिला है, उनकी बारी आने पर उन्हें आवास स्वीकृत किए जाएंगे और सभी पात्र हितग्राहियों को आवास दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगो को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलान के लिए मैं निरंतर प्रयास कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नही रखी जाएगी।कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष देवेन्द्र वर्मा, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश पटेल, कैलाश सुराना, भूपेन्द्र सिसोदिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
*सिविल अस्पताल इछावर का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने किया निरीक्षण*
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सिविल अस्पताल इछावर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य तथा अस्पताल में मिलने वाली सभी सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अस्पताल में कोविड 19 की संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों का त्वरित इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए प्रदान करने के चिकित्सकों को निर्देश दिए।

