प्रदीप गुप्ता / नर्मदापुरम / सीहोर में दिव्यांग परीक्षण एवं चिन्हाकन शिविर में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने ट्राईसाईकिल से दिव्यांग संतोष को पंजीयन केंद्र से परीक्षण केंद्र तक ले गए। उन्होंने संतोष कुशवाहा से उनके हालचाल जाने और उनसे कहा कि वह अपने सभी परिचितों को बताएं कि इस दिव्यांग शिविर में परीक्षण के लिए अवश्य आएं। कलेक्टर श्री सिंह ने पंजीयन काउंटर, परीक्षण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांग शिविर में परीक्षण के लिए आने वाले दिव्यांगजनों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। उन्होंने दिव्यांगजनों और उनके परिजनों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था और पेयजल आदि के निर्देश दिए।
शिविर स्थल पर दिव्यांग जनों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए 7 पंजीयन काउंटर बनाए गए हैं, इसके साथ ही चिकित्सकों के दल द्वारा 7 कक्ष में दिव्यांगजनों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा पृथक एलिम्को द्वारा कृत्रिम अंगों के लिए दिव्यांग जनों का मेजरमेंट लिया जा रहा है शिविर में दिव्यांगतावार मेडिकल विशेषज्ञ अस्थि बाधित, श्रवण बाधित, दृष्टिबाधित, मानसिक एलिम्को की टीम तथा जिला पुनर्वास केंद्र के विशेषज्ञ उपस्थित है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अमन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

