इटारसी : लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज, इटारसी में कैरियर मार्गदर्शन वर्कशॉप का आयोजन किया गया । वर्कशॉप में विभिन्न संस्था एवं कॉलेज से आए हुए प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारियाँ दी ।
बंसल कॉलेज मंडीदीप से आए डॉ विनोद पाटीदार ने छात्राओं को इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारी दी । लाइफ लाइन संस्था नर्सिंग कॉलेज से आए डॉ प्रताप सिंह वर्मा ने पैरामेडिकल एवं नर्सिंग पाठ्यक्रम के बारे में विद्यार्थियों को बताया उन्होंने कहा कि कम्युनिटी हेल्थ पाठ्यक्रम एवं नर्सिंग पाठ्यक्रमों को कैरियर बनाने से विद्यार्थी को 100% रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं । पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रोफेसर विद्या सूर्यवंशी एवं प्रोफेसर पल्लवी नरवदे ने छात्राओं को बताया कि पॉलिटेक्निक शिक्षा के विभिन्न ट्रेडों को अपनाकर कैरियर के रूप में पाठ्यक्रमों का चयन कर सकते हैं ।
स्कूल प्राचार्य श्री अखिलेश शुक्ला द्वारा विद्यार्थियों को अपनी लगन एवं जिज्ञासा के अनुरूप आगे पढ़ाई कर कैरियर चुनने की सलाह दी । मंच का संचालन श्री सतीश खालखो द्वारा किया गया । अतिथि प्राध्यापकों का सम्मान श्रीमती शिवि सूद द्वारा किया गया। अंत में सभी सभी वक्ताओं का आभार प्राचार्य श्री अखिलेश शुक्ला द्वारा किया गया ।



