“नागद्वारी मेला” ( में देशभक्ति का अभूतपूर्व संगम: पचमढ़ी की जलगली में पुलिसकर्मियों व कर्मचारियों ने फहराया तिरंगा, गूंजे भारत माता के जयकारे I
पचमढ़ी। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में आयोजित ऐतिहासिक नागद्वार मेले के दौरान स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र एवं अत्यंत विपरीत परिस्थितियों के बीच मेले में अपनी सुरक्षा व्यवस्था व व्यवस्थापन की जिम्मेदारी निभा रहे पुलिस जवानों ने जलगली क्षेत्र में गरिमामय ढंग से राष्ट्रध्वज फहराया।
जलगली स्थल पर आयोजित इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, पीएचई, एसडीआरएफ एवं सफाई विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके अतिरिक्त मेले में सेवाएं दे रहे स्थानीय टैक्सी चालक, टैक्सी मालिक, दुकानदार एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
ध्वजारोहण के उपरांत सभी उपस्थितजनों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया। इसके बाद राष्ट्रभक्ति गीतों की धुन और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोष से संपूर्ण जलगली घाटी व सतपुड़ा की वादियां गुंजायमान हो उठीं। कठिन पगडंडियों और दुर्गम रास्तों पर अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों द्वारा मिल-जुलकर राष्ट्रीय पर्व मनाना आपसी समन्वय, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा की एक अनूठी मिसाल बना।
आज का विचार (Thought of the Day)
“राष्ट्र सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि जीवन की सबसे पवित्र साधना है। जब इंसान अपने कर्तव्य पथ पर निष्ठा से डटा रहता है, तो हर विषम परिस्थिति भी देशभक्ति के प्रकाश से आलोकित हो उठती है।”
-पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

