इटारसी में भक्तिभाव से मनाया गया सावन झूलोत्सव, चांदी के झूले में विराजे श्रीराधा-कृष्ण I
इटारसी। पवित्र श्रावण मास जहाँ एक ओर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजन-अर्चन के लिए जाना जाता है, वहीं दूसरी ओर यह महीना श्रीराधा-कृष्ण को समर्पित मनमोहक सावन के झूलों के लिए भी ब्रज से लेकर देशभर में प्रसिद्ध है। इसी सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए इटारसी नगर में भी विभिन्न मंदिरों, मोहल्लों और घरों में वैष्णव परिवारों की सहभागिता से झूलोत्सव एवं भजनोत्सव के धार्मिक आयोजन बड़े ही धूमधाम से संपन्न हो रहे हैं।
इसी श्रृंखला में, नगर की वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती रीटा चंद्रकांत अग्रवाल की मेजबानी में उनके निवास स्थान पर एक भव्य एवं रंगारंग सावन झूलोत्सव का आयोजन किया गया।
चांदी के झूले में विराजे बाल गोपाल और राधा रानी
कार्यक्रम के दौरान आकर्षक रूप से सजाए गए चांदी के झूले पर बाल कृष्ण और श्रीराधा रानी की मनमोहक प्रतिमाओं को विराजमान किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान को झूला झुलाया।
भजनोत्सव से गुंजायमान हुआ वातावरण
लगभग दो घंटे तक चले इस भक्तिमय आयोजन में उपस्थित महिलाओं और श्रद्धालुओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सावन और कृष्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण राधा-कृष्ण के जयकारों और भक्ति रस से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का समापन महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ।

पत्रकार कुणाल पासवान

