*ग्राम पंचायत पीपल ढाना में जनप्रतिनिधि की लापरवाही का आलम, कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे*

प्रवीण गौर खास रिपोर्ट इटारसी। तहसील इटारसी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पीपल ढाना में ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण गांव के रास्तों पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते स्कूली बच्चों को भी इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रास्तों की खराब स्थिति के कारण बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों और आम ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर कीचड़ इतना अधिक है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव से रास्ते की स्थिति सुधारने तथा तत्काल आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह है कि ग्राम पंचायत पीपल ढाना के जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों की इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक समाधान कराते हैं।
