टीकमगढ़। शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। जामनी नदी पर एनीकट (स्टॉप डैम) निर्माण के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट विवेक श्रोत्रिय ने नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय को पत्र लिखकर तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति देने का अनुरोध किया था। इस पर संचालनालय ने 20 नवंबर 2026 को नगर पालिका को पत्र भेजकर द्वारका नगरी योजना के अंतर्गत विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर के अर्द्धशासकीय पत्र क्रमांक 377 दिनांक 16.10.2026 में बताया गया है कि टीकमगढ़ नगर क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 10 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पेयजल की आवश्यकता रहती है, जिसके विरुद्ध वर्तमान में अपर्याप्त जल की आपूर्ति ही हो पा रही है। वहीं आगामी 30 वर्षों के लिए वर्ष 2055 में नगर हेतु 16.45 एमएलडी पेयजल की आवश्यकता होगी।
इसी को ध्यान में रखते हुए दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को आयोजित डीएमआरसी (D.MRC) की बैठक में विचार-विमर्श के बाद शहर के समीप प्रवाहित जामनी नदी पर एक एनीकट निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक एवं व्यावहारिक पाया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस एनीकट निर्माण कार्य की कुल अनुमानित लागत लगभग 10.00 करोड़ रुपये होगी।
पत्र में कहा गया है कि इस निर्माण से नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आसपास के भू-जल स्तर में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसलिए एनीकट निर्माण कार्य को द्वारका योजना अथवा शासन की किसी अन्य उपयुक्त योजना के अंतर्गत शीघ्र वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाए।
इस पर प्रमुख अभियंता प्रदीप एस. मिश्रा, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ को भेजे पत्र में बताया है कि द्वारका नगरी योजना शासन आदेश दिनांक 20.01.2026 से स्वीकृत की गई है। योजना में मास्टर प्लान की सड़कों, सड़क सुरक्षा, जल आपूर्ति / सीवरेज में गैप कवरेज, इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन तथा एसटीपी निर्माण जैसे कार्य शामिल किए जा सकते हैं।
संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि योजना में निकाय की पात्रता राशि की सीमा में विस्तृत प्रस्ताव संचालनालय को उपलब्ध कराया जाए। द्वारका नगरी योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने की कार्यवाही प्रचलित है। दिशा-निर्देश जारी होने के बाद कार्यों की स्वीकृतियां जारी की जा सकेंगी।
इस प्रस्ताव से शहरवासियों को उम्मीद जगी है कि आने वाले वर्षों में टीकमगढ़ को निर्बाध और सुचारू पेयजल व्यवस्था मिल सकेगी।

