नर्मदापुरम/ प्रदीप गुप्ता / विश्व श्रवण दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय के जिला दिव्यांग एवम पुनर्वास केंद्र परिसर में 3 मार्च को जन्मजात श्रवण बाधित बच्चों के लिए शिविर का आयोजन किया गया है। सीएमएचओ डॉ. दिनेश देहलवार ने बताया कि श्रवण संबंधी समस्या की सही पहचान की जा कर बधिरता को प्रारंभिक उपचार, हियरिंग ऐड, स्पीच थेरेपी एवं ऑपरेशन के माध्यम से रोका जा सकता है एवं इससे होने वाली विकलांगता को 50 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। उन्होंने नागरिको से अपील की है कि इस स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक संख्या में आकर लाभ उठावें। ऐसे बच्चे जो जन्म से श्रवण बाधित है, बोलने में जिनको समस्या है या ऐसे बच्चे जिनके दोनों कान रहित हो, शिविर में लाभ उठा सकते है। शिविर में आने वाले हितग्राही अपने साथ पुरानी रिपोर्ट एवं जन्म प्रमाण, आधार कार्ड और एक फोटो अवश्य लावें। सिविल सर्जन डॉ. सुधीर विजयवर्गीय ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजो को निशुल्क जांच के साथ आवश्यक दवाइयां प्रदान की जाएगी एवं जिन्हे सर्जरी की जरूरत है, उनकी जांच कर उच्च संस्थाओं में रेफर कर सर्जरी करायी जावेगी।

