नर्मदापुरम/ प्रदीप गुप्ता / कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सोमवार को कलेक्टरेट में आयोजित समयसीमा की बैठक में सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के लिए 9 मार्च से विशेष कैंप लगाकर महिलाओं के आधार सीडिंग एवं समग्र में ई केवाईसी किए जाने का कार्य किया जाए। 25 मार्च से आवेदन प्रक्रिया के लिए भी कैंप आयोजित किए जाएं। जिनमें सभी ब्लॉक और निकाय का अमला और बैंकिंग समनव्यक मौजूद रहें। इस संबंध में ड्यूटी आदेश भी जारी करें। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में 23 से 60 वर्ष के पात्र महिला को उसके व्यक्तिगत बैंक खाते में प्रतिमाह एक हजार रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए बहनों का किसी भी बैंक में व्यक्तिगत बैंक खाता होना अनिवार्य है। इसी प्रकार बैंक खाता आधार से लिंक एवं डीबीटी सक्रिय होना भी अनिवार्य है। समग्र पोर्टल द्वारा जारी सदस्य का समग्र आईडी तथा समग्र आईडी ईकेवाईसी द्वारा आधार से लिंक हो। समग्र आईडी में ईकेवायसी बहने लोक सेवा केन्द्र, एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर से करा सकती है।
*समग्र पोर्टल से स्वयं अपना ई केवायसी करें*
बताया गया कि समग्र पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपना ईकेवाईसी करने के लिए www.samagra.gov.in पर जाए। अपनी समग्र आईडी प्रविष्ट करें, अपना आधार नंबर दर्ज करें तथा आधार से प्राप्त ओटीपी की प्रविष्टि कर अपने आधार को सत्यापित करें। अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें। आधार में दर्ज आपका नाम जन्मतिथि और लिंग का समग्र डाटा से मिलान होने पर आपका ईकेवाईसी सफलतापूर्वक हो जाएगा। मिलान नहीं होने की स्थिति में आधार ईकेवाईसी का अनुरोध स्थानीय निकाय को अनुमोदन के लिए प्रेषित हो जाएगा।
*विस्थापित ग्रामों में कोई भी योजनाओ के लाभ से वंचित न रहें*
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले के विस्थापित ग्रामों में शिविर लगाकर वहां की केसीसी, पीएम किसान, पेयजल , सड़क आदि क्षेत्र से सम्बंधित अन्य समस्याओं का निराकरण कराएं। इन ग्रामों में कोई भी पात्र योजनाओ के लाभ से वंचित न रहे यह सुनिश्चित करें।
*अस्थाई फायर बिग्रेड तैयार करें*
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले के सभी जनपदों और निकायों में अग्नि दुर्घटना पर रोकथाम के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाए। सभी फायर बिग्रेड चालू स्थिति में रहें। टैंकरस में फायर मोटर लगाकर उन्हें अस्थाई फायर बिग्रेड के रूप में भी तैयार करें। इसी प्रकार ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल की सुचारू आपूर्ति की भी व्यवस्थाए रहें। उन्होंने कहा कि बाढ़ आपदा नियंत्रण के लिए भी अभी से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाए। अवैध निर्माण हटाए जाएं। नाले नालियों की भी साफ सफाई नियमित रुप से की जाए।
*रबी उपार्जन की समीक्षा*
कलेक्टर श्री सिंह ने धान एवं आगामी रबी उपार्जन की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने धान उपार्जन के शेष रहें किसानों को भुगतान की कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए। बताया गया कि रबी उपार्जन के लिए 82614 किसानों ने पंजीयन कराया हैं। जिसमें 72481 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया हैं। उन्होंने रबी उपार्जन के लिए हुए किसानों के पंजीयन का शीघ्र सत्यापन कराने के निर्देश सभी तहसीलदारो को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गेहूं खरीदी के लिए खरीदी केंद्रों की प्रस्तावित सूची तैयार करे। केंद्रों पर बारदाना सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें।
*हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रकरण शीघ्र स्वीकृत एवं वितरित कराएं*
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की कलेक्टर श्री सिंह ने विस्तर से समीक्षा की। उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को बैंको को प्रेषित प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत एवं वितरित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रिय आजीविका मिशन शहरी और ग्रामीण के तहत स्व सहायता समूह की महीलाओं के बैंक लिंकेज कार्य में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए।
*मीनाक्षी चौराहे की चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनाएं*
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में साफ सफाई एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने नर्मदापुरम नगर के मीनाक्षी चौराहे के चौड़ीकरण किए जाने के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना बनाने के निर्देश सीएमओ नर्मदापुरम को दिए। उन्होंने कहा कि सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर बेहतर व्यवस्थाए की जाए।
*जाति प्रमाण पत्र प्रकरणों के निराकरण में गति लाएं*
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति की भी अनुविभागवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र के ऑनलाइन आवेदनों का शीघ्र निराकरण के निर्देश समस्त एसडीएम को दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री भू अधिकार योजना , धारणाधीकार योजना, स्वामित्व योजना की भी समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें*
कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण करें। शिकायत नॉन अटेंड न रहे यह सुनिश्चित की जाए। 50 दिवस से अधिक की शिकायतो का भी प्राथमिकता से निराकरण कराएं। सभी विभागो को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई और समयसीमा के प्रकरणों की भी समीक्षा की। पैंशन प्रकरणों के भी शीघ्र निराकरण के लिए प्रकरण पैंशन कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस एस रावत,अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।

