नर्मदापुरम/ प्रदीप गुप्ता / आज ग्राम निमसाड़ियां में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने नहर किनारे स्थित हनुमान मंदिर में भारतीय किसान संघ का स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नर्मदापुरम तहसील अध्यक्ष शरद पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भगवान बलराम एवं भारत माता के चित्रों का पूजन अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भारतीय किसान संघ की स्थापना विषयक जानकारी देते हुए संभागीय सदस्य ग्यारसा पटेल द्वारा बताया गया कि राजस्थान के कोटा में संघ के विचारक एवं प्रचारक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जिन्हें राष्ट्र ऋषि की उपाधि भी दी गई। देशभर में किसानों के लिए काम करने वाले विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाकर किसान हित में 4 मार्च 1979 को भारतीय किसान संघ की स्थापना की। नर्मदापुरम के माटी पुत्र मधुकरराव हरने भारतीय किसान संघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे।तब से आज तक भारतीय किसान संघ किसान हित में निरंतर किसानों के बीच जाकर उनको अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है और यही भारतीय किसान संघ का उद्देश्य है कि देश का प्रत्येक किसान अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एक समृद्ध किसान राष्ट्र का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ पूर्णतया गैर राजनैतिक संगठन है जो किसान समाज के प्रति व्यवस्था द्वारा उसके साथ किए जाने वाले सौतेले व्यवहार के विरुद्ध हमेशा संघर्षरत रहता है, संगठित किसान समाज ही भारत का भविष्य है। इसलिए गांव गांव में भारतीय किसान संघ की ग्राम इकाई की स्थापना किया जाना आवश्यक है। मजबूत संगठन ही किसानों की दशा एवं दिशा निर्धारित करेगा। कार्यक्रम में तहसील मंत्री रामेश्वर चौरे के साथ ही ग्राम इकाई के सदस्य बसंत बड़कुर, कुंदन बड़कुर, राजू पटेल, मुन्ना चौरे, छोटेलाल चौधरी, राजकुमार चौधरी, ओमप्रकाश बड़कुर, गुलबदन चोरे, घनश्याम चौधरी, राधेश्याम मलैया, अमरीश बड़कुर आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। जिन्होंने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि भारतीय किसान संघ को गांव में तो संगठित करेंगे ही, साथ ही आसपास के ग्रामों में भी ग्राम इकाइयों का गठन किया जाएगा।

