टीकमगढ़। कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर पुलिस तथा आबकारी विभाग द्वारा निरंतर अवैध मदिरा के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। होली पर्व के दौरान शहर में अवैध शराब का विक्रय रोकने के लिए कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने शहर के कुचबंधिया मोहल्ले में छापामार कार्रवाई की। मौके पर बड़े पैमाने पर अवैध शराब जब्त की तथा पुलिस ने मौके पर ही अवैध कच्ची शराब को नष्ट किया।
मुखबिर की सूचना पर आज कुचबंदिया मोहल्ले में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान पूरे मोहल्ले में करीब 1 दर्जन से ज्यादा स्थानों पर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए कच्ची शराब से भरे टीन को जब्त किये गये। इसके अलावा कई लोगों के घरों में भी कच्ची देशी शराब और महुआ लहान से भरे टीन जब्त किये गये।
ज्ञातव्य है कि होली पर्व के दौरान लोग नशे का सेवन ना करें इसके लिए पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। शासन की ओर से होली पर शराब की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिये गये हैं।

