मोनू बड़कुर की प्रथम पुण्यतिथि पर ‘टीम यूथ कॉमरेड’ की अनूठी पहल: रात के अंधेरे में चमकेगा रेडियम, सुरक्षित रहेंगी गोमाताएं I
इटारसी। शहर के जाने-माने गोसेवक स्वर्गीय श्री मोनू बड़कुर की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर सामाजिक संगठन ‘टीम यूथ कॉमरेड’ ने उन्हें एक अनूठी और प्रेरणादायक श्रद्धांजलि अर्पित की। संगठन के युवाओं ने देर रात शहर की प्रमुख सड़कों पर घूम रहीं व बैठी सैकड़ों गोमाताओं के गले में ‘रेडियम बेल्ट’ बांधने का विशेष अभियान चलाया, ताकि रात्रि के समय होने वाली सम्भावित सड़क दुर्घटनाओं से बेजुबानों की रक्षा की जा सके।
हादसों पर लगेगा अंकुश, सुरक्षित रहेंगी गोमाताएं रात के समय सड़कों और चौराहों पर बैठी गोमाताएं गहरे अंधेरे के कारण तेज रफ्तार वाहन चालकों को स्पष्ट नजर नहीं आतीं, जिससे आए दिन गंभीर और दर्दनाक हादसे होते रहते हैं। टीम यूथ कॉमरेड द्वारा बांधे गए इन रेडियम बेल्ट्स पर जैसे ही वाहनों की लाइट पड़ेगी, वे दूर से ही चमकने लगेंगे। इससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने का अवसर मिलेगा और गोवंश को असमय दुर्घटनाओं का शिकार होने से बचाया जा सकेगा।
स्मृति में जारी रहेगा सेवा का संकल्प दिवंगत गोसेवक मोनू बड़कुर का जीवन सदैव गोसेवा और बेजुबान जीवों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने और उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ही टीम यूथ कॉमरेड ने इस पुनीत अभियान की शुरुआत की है। सदस्यों का कहना है कि स्वर्गीय मोनू बड़कुर द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना ही उन्हें सबसे सच्ची और अर्थपूर्ण श्रद्धांजलि है।
अभियान में युवाओं की रही सक्रिय भागीदारी विगत रात्रि चलाए गए इस गौरक्षा अभियान के दौरान टीम यूथ कॉमरेड के युवाओं ने पूरी आत्मीयता और उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से ऋषभ बड़कुर, कृष्णकांत बड़कुर, अमन बड़कुर, सदेश चौधरी, हर्ष, अमित, ऋतिक, ऋषि एवं अन्य युवा साथी उपस्थित रहे। संगठन के सदस्यों ने संकल्प जताया कि बेजुबानों की सुरक्षा और जनहित से जुड़े ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

