टीकमगढ़ । मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत शनिवार 25 मार्च 2023 से पूरे प्रदेश के साथ टीकमगढ़ जिले में भी ग्राम वार और वार्ड वार कैम्प लगाये जाकर पात्र महिला हितग्राहियों का आन लाइन पंजीयन का कार्य शुरू हो रहा है। इस संबंध में कलेक्टर श्री सुभाष कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार की रात्रि जिले के सभी एसडीएम, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरीय निकाय से गूगल मीट कर तैयारियों की समीक्षा की।इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन सहित संबंधित अधिकारीगण वर्चुअल मीटिंग से जुड़े। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सभी जनपद पंचायत वार और नगरीय निकाय के वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कैम्पों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जब तक उस क्षेत्र के सभी पात्र हितग्राहियों का पंजीयन नहीं हो जाता तब तक उस स्थान पर कैम्प 31 अप्रैल तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी कैम्प में छाया, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था रखी जाये। उन्होंने कहा कि पूरे मनोयोग से उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कैम्प में भीड़ भाड़ और अव्यवस्थाएं नहीं होने दे। कलेक्टर ने कहा कि जिले में योजना के क्रियान्वयन की अच्छी शुरुआत होनी चाहिए। शुभारंभ के समय अच्छी संख्या में पंजीयन होने चाहिए। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारीगण स्वयं कल कैम्प का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही और उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मोबाइल ऐप पर रजिस्ट्रेशन करना सुविधा जनक होगा। सभी कैम्प में रजिस्टर भी रखें। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की अच्छी शुरुआत की जाये। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कैम्प की मानीटरिंग राज्य स्तर, जिला स्तर और विकास खंड स्तर से लगातार की जायेगी।

