टीकमगढ़ । मध्यप्रदेश में यादव समाज को विकास की मुख्य धारा में प्रभावी ढंग से जोड़ने उनके उत्थान एवं कल्याण के लिये यादव कल्याण बोर्ड के गठन की माँग को लेकर भाजपा नेता विकास यादव ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी को सौंपा है। ज्ञापन में श्री यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में यादव समाज बहुत बड़ी संख्या में निवास करता है। प्रदेश के भिण्ड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली एवं अशोकनगर सहित 13 ऐसे जिले हैं जो यादव बाहुल्य प्रदेश उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे हैं इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी यादव समाज बहुत बड़ी संख्या में निवासरत् है और यह सभी लोग अन्य प्रदेशों में अलग-अलग क्षेत्रीय पार्टियों से जुड़े हुये हैं, किन्तु मध्यप्रदेश में इस समाज पर कांग्रेस पार्टी का अत्यधिक प्रभाव है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं यशस्वी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चल रही भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर इनका जुड़ाव अब भाजपा की ओर होता जा रहा है। श्री यादव ने मुख्यमंत्री से माँग की है कि यादव समाज को विकास की मुख्य धारा में प्रभावी ढंग से जोड़ने इनके उत्थान एवं कल्याण के लिये यादव कल्याण बोर्ड का गठन करने की आवश्यकता है जिसमें केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष एवं चार सदस्य शामिल हों। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

