
बबलू निरापुरे आमला
आमला. खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरूवार को होटल की जांच की। टीम ने बोडखी क्षेत्र की आनंद स्वीट्स से मिठाईयों के सेम्पल लिये है और गंदगी मिलने पर सुधार के निर्देश दिये। जैसे ही खाद्य विभाग की टीम होटल पर पहुंची, होटल मालिक और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने होटल में रखी मिठाईयों के सेम्पल लेकर होटल के रसोई कक्ष, पानी टंकी का भी अवलोकन किया। दरअसर सीएम हेल्पलाईन पर शिकायत हुई थी कि आनंद स्वीट्स में मिलावटी मिठाईयां बेची जा रही है। साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं रखा जाता है। शिकायत के बाद गुरूवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल का निरीक्षण किया। होटल मालिक, कर्मचारियों से मिठाई के संबंध में जानकारियां ली और सेम्पल जांच के लिए भेजे है। जांच में गड़बड़ी पाई जाती है कि होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाही होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी संदीप पाटिल ने बताया कि होटल की पानी टंकी साफ-सुथरी पाई गई। रसोई कक्ष में भी सफाई मिली। थोड़ी बहुत गंदगी थी, उसके सुधार के निर्देश दिये है।
मिठाई में मिलाने वाले कलर की ली जानकारी ………
खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल में बनने वाली मिठाईयों के सेम्पल लेने के साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। टीम ने मिठाई को आकर्षक बनाने के लिए मिलाये जाने कलर की भी जानकारी जुटाई। शिकायत कर्ता का आरोप था कि होटल संचालक द्वारा मिठाईयों में हाइड्रो मिलाया जाता है। कलर मिलाया जाता है। इसकी भी जांच टीम ने की। साथ ही निर्देश दिये कि लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मिठाईयों के एक्सपायरी होने पर उनका उपयोग न करे। गर्मी का सीजन शुरू हो गया है, ताजी सामग्री ही बनाये और उनका विक्रय करे, अन्यथा गड़बड़ी पाये जाने पर उचित कार्रवाही की चेतावनी भी दी।
लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की दी समझाईश
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की समझाईश दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप पाटिल ने कहा कि गर्मी का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में बाहर का खाना खाने से पहले विशेष ध्यान देना चाहिए। खुले में रखी सामग्री, बासी खाद्य सामग्री का सेवन नहीं करे। किसी दुकान में मिलावटी सामग्री मिलती है तो उसकी सूचना विभाग को दे। जिससे मिलावटी सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाही की जा सके। श्री पाटिल ने कहा कि पैकेट वाली सामग्री भी एक्सपायरी डेट देखकर ही खरीदे और सेवन करे।
इनका कहना है –
आनंद स्वीट्स की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मिठाई और लड्डू के सेम्पल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। सेम्पल में ली गई सामग्री खराब और सेवन करने योग्य नहीं पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाही की जायेगी।
संदीप पाटिल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, आमला
