टीकमगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग जिला टीकमगढ़ द्वारा 17 सितंबर को घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर विवेक श्रोत्तिय के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में शासकीय होम्योपैथिक औषधालय लार बुजुर्ग द्वारा ग्राम पंचायत बड़माडई खास एवं ग्राम पंचायत लार में कार्यक्रम हुआ।
सरपंच राहुल गौतम, करन यादव एवं सचिव रविन्द्र रावत के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में औषधालय प्रभारी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने आयुष विभाग की गतिविधियों, योग से निरोग रहने और औषधीय पौधों से रोग निवारण की जानकारी दी।
माध्यमिक शाला लार बंजरिया में छात्र-छात्राओं को योग क्रियाएं करवाई गईं और दीप प्रज्वलित उत्सव में शामिल होने की अपील की गई। शाम 7 बजे औषधालय परिसर, ग्राम पंचायत लार एवं शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल लार बंजरिया में दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने सभी के स्वास्थ्य की मंगलकामना की। वहीं सरपंच, प्राचार्य श्रीमती किरण चतुर्वेदी, स्टाफ व सचिव ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

